27 मार्च 2023 - 12:05
ज़ायोनी रक्षा मंत्री को नेतनयाहू ने दिखाया बाहर का रास्ता, लाखों लोगों का प्रदर्शन, क्राइम मिनिस्टर के लगे नारे

रविवार को इस्राईल में लगातार दूसरे दिन लाखों लोगों ने सड़कों पर निकल कर बेंजामिन नेतनयाहू की सरकार के ख़िलाफ़ प्रदर्शन किए हैं।

यह प्रदर्शन नेतनयाहू सरकार द्वारा प्रस्तावित न्यायिक सुधारों और कैबिनेट से ज़ायोनी रक्षा मंत्री योआव गैलेंट को बाहर निकाले जाने के ख़िलाफ़ हुए हैं।

गैलेंट ने भी न्याय व्यवस्था में तथाकथित सुधारों का विरोध किया था।

इस्राईल में सरकार विरोधियों का कहना है कि न्याय व्यवस्था में प्रस्तावित सुधारों के लागू होने के बाद संसद के लिए देश के सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों को पलटना आसान हो जाएगा।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि प्रस्तावित बदलावों से न्याय व्यवस्था की स्वतंत्रता सीमित हो जाएगी और इससे भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलेगा।

रविवार को इस्राईल की राजधानी तेल-अवीव और अवैध अधिकृत बैतुल मुक़द्दस समेत विभिन्न शहरों में विशाल प्रदर्शन हुए।

अवैध क़ब्ज़े वाले बैतुल मुक़द्दस में ज़ायोनी प्रधान मंत्री नेतनयाहू के घर के सामने प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षा घेरा तोड़ दिया, जिन्हें तितर बितर करने के लिए पुलिस ने वाटर केनन का इस्तेमाल किया।

लगातार 12वें हफ़्ते जारी इन प्रदर्शनों में प्रदर्शनकारी नेतनयाहू के ख़िलाफ़ नारे लगा रहे थे और उन्हें क्राइम मिनिस्टर कहकर पुकार रहे थे। msm

342/